


रामचरित मानस पाठ की गूंजी चौपाइयां, सुबह से ही रही लंबी कतारें, चाक-चौबंद रही कोलकाता ट्रस्ट की व्यवस्थाएं, पुलिस रही मुस्तैद
बीकानेर // निकटवर्ती पूनरासर गांव में शनिवार को हनुमान जी महाराज का मेला भरा। लाखों श्रद्धालुओं ने हनुमान बाबा के दर पर धोक लगाई। मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें रही। वहीं बड़ी संख्या में बीकानेर व आसपास के क्षेत्रों से आस्थावान लोग पैदल यात्रा कर हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालुओं दंडवत करते हुए भी हनुमान बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के चूरमे का भोग लगाया। साथ ही मन्नत मांगकर नारियल भेंट किए। मंदिर परिसर में पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट कोलकाता की ओर से श्रद्धालुओं के लिए इस बार छाया, पानी की व्यवस्थाएं की गई।

साथ ही गर्मी से राहत मिल सके इसके लिए कई स्थानों पर मंदिर में कूलर लगाए गए। दर्शन करने वालों को परेशानी नहीं हो, इसको ध्यान में रखते हुए विशेष तौर बैरिकेट्स लगाए गए। ताकि हर कोई दर्शनार्थी कतार में जाकर आरम से दर्शन कर सके। पूनरासर में बीते तीन दिनों से मेला चल रहा है, शनिवार को मुख्य मेला भरा। बारीदार पुजारी ने हनुमानजी का विशेष शृंगार करने के बाद आरती की। श्री पूनरासर हनुमान ट्रस्ट कोलकाता के बजरंग लाल पारीक ने बताया कि बारीदार पुजारी परिवार ने आने वाले श्रद्धालुओं को खाद्य सामग्री (आटा, शक्कर और घी) उपलब्ध कराई। श्रद्धालुओं में दाली-बाटी का चूरमा बनाकर हनुमानजी के भोग लगाया। ट्रस्ट के बजरंग लाल पारीक, मोटू लाल हर्ष, सम्पत्त पारीक, सुभाष आचार्य, तुलसीदास पुरोहित व जुगराज जी सहित पदाधिकारी पूरी से मुस्तैद रहे। साथ ही एसडीएम शुभम शर्मा भी अपनी टीम के साथ मेला स्थल पर सक्रिय रहे।
सुबह से ही लगी लंबी कतारें

पूनरासर के दर्शन के लिए मंदिर में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगने लगी। ट्रस्ट की टीम ने पूरी तरह से व्यवस्थाओं काे संभाल रखा था। इस कार हर कोई आरम से दर्शन कर निकल रहा था। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बीकानेर से अपने निजी वाहनों से भी पहुंचे थे। इसके अलावा निजी बसें, रोडवेज की बसों से भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी आज मेले में पहुंचे और हनुमानजी के दर्शन किए।
प्रशासन भी पूरी सक्रिय रहा। मंदिर परिसर के अंदर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। वहीं मंदिर के बाहर अंजनी माता मंदिर के पास बड़े वाहनों की पार्किंग की गई।
गूंजी मानस पाठ की चौपाइयां
पूनरासर पारायण समिति की ओर से मंदिर परिसर में ही मानस चौकी पर राम चरित्र मानस पाठ का आयोजन किया गया है। यह तीन दिन से चल रहा है। इसमें राजकुमार व्यास, रामचंद्र आचार्य, व्यास, भंवर पुरोहित, नरेश पुरोहित, कपिल हर्ष सहित मानस पाठी अपनी श्रद्धा और आस्था के साथ पाठ कर रहे हैं। मानस पाठ की चौपाइयों से पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस की धारा से सराबोर है।
सेवा शिविर में उमड़ी भीड़…
पूनरासर दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओंं के लिए कई संस्थाएं सक्रिय रही। मंदिर के बाहर जगह-जगह पर लगे शिविर में भोजन, चाय, नाश्ता की व्यवस्थाएं की गई। बीकानेर के टेर मंडल सहित कई संस्थाओं ने सेवा शिविर लगाए थे। मंदिर के समीप स्थित कोलकता ट्रस्ट की धर्मशाला में पैदल यात्रियों के लिए चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें एक्यूप्रेशर की सुविधा उपलब्ध कराई गई। बानर सेवा समिति की ओर से लगाए गए शिविर में कार्यकर्ता पदयात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए तत्पर रहे।




