शहर में आज: शाम को फागणिया फुटबॉल मैच व रात को होगी शहजादी नौटंकी की रम्मत

मनोरंजन समाज

धरणीधर मैदान में फुटबॉल खेलते नजर आएंगे मोदी, ट्रम्प व पुतिन, रात को निकलेगी मां आशापुरा की सजीव झांकी

बीकानेर // बीकानेर शहर रविवार को पूर्णतया होली के रंग में डूब जाएगा। आज शाम से लेकर मध्य रात्रि तक दो बड़े आयोजन होंगे जिसकी तैयारियां भोर होते ही शुरू हो गई। रविवार शाम 5 बजे धरणीधर खेल मैदान में फागणिया फुटबॉल मैच होगा वहीं देर रात ठीक 12 बजे मां आशापुरा की सजीव झांकी निकलेगी और उसके बाद भोर होने तक शहजादी नौटंकी की रम्मत का मंचन होगा। उधर शहर के नगरसेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर में भी फागोत्सव की धूम मची हुई है। यहां रात को भोग की आरती के तुरंत बाद साढ़े 10 बजे तक फागोत्सव होता है जहां श्रद्धालु ठाकुरजी के संग होली खेलते हैं।

कई सेलिब्रेटी फुटबॉल खेलते नजर आएंगे

फागणिया फुटबॉल मैच आयोजन समिति के अध्यक्ष कन्हैयालाल रंगा ने बताया कि रविवार शाम 5 बजे धरणीधर मैदान में फागणिया फुटबॉल मैच होगा जिसमें विचित्र वेशभूषा में महिलाओं का स्वांग बनी टीम तथा विचित्र वेशभूषा में पुरुषों का स्वांग बनी टीमों के बीच में मैच होगा। आयोजन सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि इस मैच हेतु अब तक 25 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तथा यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़लेंसकी नरेंद्र मोदी के साथ धरणीधर मैदान में गोल करने के लिए पसीना बहाएंगे।

कुंभ में वायरल गर्ल मोनालिसा भी आएगी

आयोजन सचिव कच्छावा के अनुसार कुंभ में वायरल गर्ल मोनालिसा धरणीधर मंदिर परिसर में अपनी माला की दुकान का उद्घाटन करने तथा अपनी फिल्म डायरी ऑफ मणिपुर का प्रचार करने के लिए आएगी । इसके अलावा वृंदावन के प्रेमानंद जी महाराज ,छावा, कल्की, योगी आदित्यनाथ, दीपिका पादुकोण, ममता कुलकर्णी करीना कपूर कंगना राणावत, कैटरीना आलिया भट्ट, विकी कौशल रणवीर कपूर, सलमान खान, अक्षय कुमार, तथा अल्लू अर्जुन के साथ-साथ देवी देवताओं, भूत, वसुंधरा राजे ,साईं बाबा, इत्यादि के स्वांग बनकर आने की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों तथा अतिथियों को एलन मस्क की ऑटो पाईलेट टेस्ला कार प्रदान की जाएगी।

ये लगे हैं तैयारियों में

आज धरणीधर मैदान में कन्हैया लाल रँगा, सीताराम कच्छावा, गोपाल कृष्ण हर्ष, दुर्गा शंकर आचार्य, राहुल सोनी ,जुगल किशोर जोशी, कपिल हर्ष, भास्कर आचार्य, मालचंद सुथार आदि सदस्यों ने धरणीधर मैदान में मैच की विभिन्न व्यवस्थाओं को अंजाम दिया।

नोटंकी की रम्मत की तैयारियां पूरी

उधर शहर के बिस्सों के चौक में बरसों से मंचित की जा रही शहजादी नौटंकी का रविवार मध्य रात्रि में मंचन होगा। इस रम्म्त की शुरूआत मां आशापुरा की सजीव झांकी से होगी। आयोजक व रम्मत के उस्ताद कृष्ण कुमार बिस्सा ने बताया कि एक बालक को मां आशापुरा का स्वरूप बनाकर मंच पर लाया जाएगा जहां हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहले भक्ति भाव में गोते लगाएंगे। यहां महाआरती के बाद रम्मत के विभिन्न प्रसंगों का मंचन शुरू होगा। यह मंचन रात एक बजे से सोमवार सुबह 9 बजे तक लगातार जारी रहेगा। आज की पूरी रात शहरवासी इस चर्चित रम्मत का आनंद लेंगे। गौरतलब है कि बिस्सों के चौक में रम्मत के आयोजन से ही बीकानेर शहर की होली अपने पूरे परवान पर चढ़ जाती है। समूचा शहर आज बिस्सों के चौक में होने वाली रम्मत में उमडेगा।