





लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव व राष्ट्रीय एमएसएमई बोर्ड के सदस्य मेड़ता निवासी पारीक दक्षिण अफ्रीका और मिस्र के दौरे पर रवाना
इंडिया स्टोन मार्ट-2028 के प्रचार-प्रसार के लिए काहिरा में स्टोन अफ्रीका एक्सपो में लेंगे भाग
जयपुर। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय एमएसएमई बोर्ड के सदस्य मेड़ता निवासी नरेश पारीक ने मंगलवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पारीक ने मुख्यमंत्री को दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान पारीक ने मुख्यमंत्री को इंडिया स्टोन मार्ट-2028 के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार और भारतीय स्टोन उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दक्षिण अफ्रीका और मिस्र के दौरे पर रवाना हो रहे हैं। इस दौरान मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित होने वाले ‘स्टोन अफ्रीका एक्सपो’ में भी सहभागिता करेंगे।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से भारतीय स्टोन उद्योग की संभावनाओं, उत्पादों और तकनीकी क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही राजस्थान के स्टोन उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस पहल की जानकारी लेते हुए सकारात्मक मार्गदर्शन एवं सहयोग का भरोसा दिया।



