



पॉलिश्ड बाउंड्री के तत्वावधान में द्वितीय ऑल इंडिया 60 प्लस क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियां तेज, सादुल स्पोर्ट्स क्लब और सादुल कल्प मैदान पर होंगे मुकाबले
बीकानेर // वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बीकानेर जल्द ही राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। पॉलिश्ड बाउंड्री द्वारा द्वितीय ऑल इंडिया 60 प्लस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन आगामी दिनों में बीकानेर में किया जाएगा। इससे पूर्व पहला आयोजन अक्टूबर 2024 में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। अब दूसरे संस्करण को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बीकानेर के सादुल स्पोर्ट्स क्लब मैदान एवं सादुल क्लब मैदान पर आयोजित होगी, जहां देशभर से आने वाले अनुभवी और चर्चित खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
पॉलिश्ड बाउंड्री के अध्यक्ष सुनील जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पूरे भारतवर्ष से चार टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टार खिलाड़ी शामिल होंगे, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 8 मई 2026 को गोकुल सर्कल स्थित कृष्ण ओझा के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संजय हर्ष फाउंडेशन के अध्यक्ष महेंद्र पुरोहित, सादुल स्पोर्ट्स स्कूल के खेल अध्यापक प्रशांत आचार्य, अनिल शर्मा एवं रमेश कुमार जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में प्रतियोगिता को सफल बनाने, खिलाड़ियों की सुविधाओं, आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और आयोजन को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
प्रतियोगिता में प्रत्येक मैच के लिए “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही टूर्नामेंट के अंत में “सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी” और “बेस्ट बॉलर” जैसे आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। बैठक के दौरान आयोजन समिति ने सादुल स्पोर्ट्स स्कूल मैदान एवं सादुल क्लब मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
बीकानेर में होने वाला यह आयोजन न केवल वरिष्ठ खिलाड़ियों के उत्साह को नई ऊर्जा देगा, बल्कि शहर के खेल प्रेमियों के लिए भी एक बड़ा आकर्षण साबित होगा।



