17 मई से बीकानेर में गूंजेगी रामभक्ति की स्वर लहरियां

धर्म-कर्म

श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन-आवास की व्यवस्था, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

बीकानेर // मानस प्रचार समिति लखोटिया चौक के तत्वावधान में 17 से 25 मई तक स्थानीय नृसिंह सत्संग उद्यान में श्री नवाह्न परायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को कथा स्थल पर संत सर्वेश्वरानंद महाराज के कर कमलों से किया गया।

समिति अध्यक्ष राजेश चूरा ने बताया कि नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में जोधपुर के विद्वान कथावाचक पंडित गिरधर गोपाल एवं सुशील आसोपा संगीतमय शैली में कथा का वाचन करेंगे। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होने वाली कथा में रोज एक पाठ का वाचन होगा।

समिति सचिव राजेंद्र पुरोहित ने बताया कि आयोजन से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा एमएम खेल मैदान के पास स्थित राम मंदिर से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कथा स्थल पहुंचेगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व सूचना देने पर निशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा की गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें।

इस पारायण पाठ में शिवेंद्राश्रम महाराज, विमर्शानंद जी, श्रीधर जी, सरजू दास महाराज एवं श्याम सुंदर महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर संत सर्वेश्वरानंद महाराज ने कहा कि श्री नवाह्न परायण पाठ के वाचन एवं श्रवण से मन को शांति मिलती है तथा ध्यान, समर्पण और आध्यात्मिक जागरूकता में वृद्धि होती है। इससे मानसिक स्थिरता भी बढ़ती है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में बलभद्र व्यास, सुरेश कोठारी, कांशीराम माली, किशन आसोपा, रामकिशन व्यास, नरेश पुरोहित, ओमजी, नितिन आसोपा, सुरेंद्र, विक्रम पुरोहित और चंद्रशेखर श्रीमाली सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।