12 साल की मुस्कान ने साधा निशाना, भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए किया क्वालिफाई

समाज

बीकानेर // शहर की होनहार बेटी मुस्कान बोथरा ने कम उम्र में बड़ा मुकाम हासिल कर बीकानेर का मान बढ़ाया है। महज 12 वर्ष की उम्र में मुस्कान ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और खेल जगत में खुशी की लहर है।

जेएनवीसी निवासी मुस्कान ख्यातनाम फिजिक्स व्याख्याता रविरंजन बोथरा एवं प्रियंका बोथरा की सुपुत्री हैं। वह श्री जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही मुस्कान वर्तमान में कैलिबर शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षक सुनील सर के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं।

भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए चयन होना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है, वहीं इतनी कम उम्र में यह मुकाम हासिल करना मुस्कान की मेहनत, अनुशासन और लगन को दर्शाता है। परिवारजनों ने बताया कि मुस्कान बचपन से ही खेलों के प्रति गंभीर रही हैं और शूटिंग में करियर बनाने का सपना देख रही हैं।
ट्रायल्स के दौरान मुस्कान को भारत की स्टार निशानेबाज और ओलंपिक 2024 मेडल विजेता मनु भाकर से मिलने का अवसर भी मिला। इस मुलाकात ने मुस्कान के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी। मनु भाकर ने मुस्कान को शूटिंग तकनीक से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अनुशासन, समर्पण व आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा भी दी।
मुस्कान ने बताया कि मनु भाकर जैसी महान खिलाड़ी से मिलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उनकी सादगी और विनम्र व्यवहार ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। अब मुस्कान का लक्ष्य भारतीय टीम में स्थान बनाकर देश के लिए पदक जीतना है।

मुस्कान की इस सफलता पर शहर के खेल प्रेमियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।