नागौर में जिला स्तरीय जन सुनवाई सम्पन्न, कलेक्टर ने 55 परिवादियों की सुनी समस्याएं

प्रशासन

अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

नागौर // जिला मुख्यालय पर हर माह के तृतीय गुरुवार को होने वाली जिला स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में किया गया। जन सुनवाई में कुल 55 परिवादी अपने अपने प्रकरण लेकर जिला कलेक्टर के सम्मुख प्रस्तुत हुए । जिनमें से अधिकांश शिकायतें जलापूर्ति, बिजली, सड़क निर्माण, शिक्षा, कृषि सहायता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राजस्व संबंधी विषयों से जुड़ी थीं।

पुरोहित ने सभी प्रकरणों को एक-एक कर गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान कहा, “जनता हमारे पास उम्मीद लेकर आती है। हमारा यह कर्तव्य है कि हम न केवल उनकी समस्याओं को ध्यान से सुनें, बल्कि उनका समाधान भी उतनी ही संवेदनशीलता और तत्परता से करें।” उन्होंने विशेष रूप से जलदाय विभाग, विद्युत वितरण निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समाधान की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को कहां कि वह फील्ड विजिट्स करें और मौके पर जाकर समस्याओं का आकलन करें। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का अंतिम उद्देश्य आमजन की सेवा और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

जन सुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे और मौके पर भी मामलों का निस्तारण किया गया। कलेक्टर ने लंबित मामलों को समाधान के लिए चिन्हित कर नियत समय सीमा में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।