भारतीय आदर्श विद्यालय मंदिर में वातानुकूलित शिशु वाटिका का हुआ लोकार्पण

शिक्षा

नई शिक्षा नीति में शिक्षा के साथ सह शैक्षणिक गतिविधियों और चारित्रिक विकास पर जोर

बीकानेर // रघुनाथसर कुआं स्थित भारतीय आदर्श विद्या मंदिर में वातानुकूलित शिशु वाटिका का बुधवार को लोकार्पण हुआ।

लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि उपनिदेशक (जनसंपर्क) डाॅ. हरि शंकर आचार्य थे। उन्होंने शिशुओं के सर्वांगीण विकास में यह शिशु वाटिका उपयोगी साबित होगी। इससे बच्चों के ज्ञान में वृद्धि होगी। वाटिका की शिक्षाप्रद पुस्तकें, रंगमंच, विज्ञान प्रयोगशाला जैसे काॅर्नर बच्चों के लिए शिक्षाप्रद साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को शिक्षा के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों का बेहतरीन वातावरण मिल सकेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से संबंधित ज्ञान भी दिया जाता है। यह बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं का विकास बच्चों के लिए लाभदायक साबित होगा।

विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए शिक्षाविद चंद्रकला आचार्य ने कहा कि नई शिक्षा नीति में बच्चों के लिए सह शैक्षणिक और खेल गतिविधियों के साथ चारित्रिक विकास पर विशेष जोर दिया गया है। यह शिशु वाटिका इस दिशा में एक प्रयास साबित होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा ऐसे और नवचार किए जाएं।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रबंध समिति द्वारा विद्यालय की सुविधाओं में वृद्धि के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। समिति का प्रयास है कि बच्चों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

प्रधानाचार्य घनश्याम व्यास ने बताया कि शिशु वाटिका में भामाशाह के माध्यम से एअर कंडीशनर लगवाया गया है। इससे पहले एक कक्षा में स्मार्ट बोर्ड की व्यवस्था भी करवाई गई। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सभी कक्षा-कक्षों में सुविधाएं बढ़ाने से संबंधित योजना बनाई गई है। समाज के सहयोग से यह व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से की जाएंगी।

प्रबंध समिति सदस्य सरिता नागल ने आगंतुकों का आभार जताया। इससे पहले अतिथियों ने शिशु वाटिका कक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान शिशु वाटिका प्रभारी सुमिता व्यास, दानदाता अशोक रंगा सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बिंदु शर्मा ने किया।