नहर बंदी के दौरान जल आपूर्ति को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल की अधिकारियों से वार्ता

राजनीति

आमजन को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए उठाई प्रमुखता से मांग

बीकानेर // नहर बंदी के दौरान जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को एडीशनल चीफ इंजीनियर, पीएचईडी राजेश राजपुरोहित से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य मोहन सुराणा ने किया। इस दौरान क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने नहर बंदी के समय आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा लंबे समय से पानी चोरी कर रहे लोगों से कमर्शियल दरों पर वसूली करने की बात कही।
नेताओं ने शहर के विभिन्न स्थानों पर हो रहे पानी के लीकेज को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और लोकेशन के आधार पर त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। आमजन की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने पर भी जोर दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने गंगाशहर क्षेत्र के खारिया कुआं, जो लास्ट टेल पर स्थित है, वहां पर्याप्त पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की विशेष मांग की। इसके अलावा टैंकरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने, सरकारी टैंकरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा पारदर्शिता के लिए जीपीएस सुविधा लागू करने का सुझाव दिया। एडीशनल चीफ इंजीनियर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान भाजपा नेता श्याम चौधरी, नरेश नायक, मनीष सोनी, कुणाल कोचर, पंकज अग्रवाल, सुशील शर्मा एवं विमल पारीक मौजूद रहे।