बीकाजी ग्रुप के चेयरमैन शिवरतन अग्रवाल के निधन से बीकानेर उद्योग जगत में शोक की लहर

व्यापार

अनेक नेताओ ने जताई संवदेना

बीकानेर // बीकानेर के वरिष्ठ उद्योगपति, प्रख्यात भामाशाह एवं बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के चेयरमैन शिव रतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान और देशभर में गहरा शोक व्याप्त हो गया है। चेन्नई में उनके निधन की सूचना मिलते ही उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन में शोक की लहर दौड़ गई। शिव रतन अग्रवाल का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा, जिसमें उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और आमजन की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।

उनके निधन के शोक में बीकानेर के करणी और बीछवाल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बीकाजी की फैक्ट्रियों में उत्पादन तुरंत प्रभाव से रोक दिया गया है। कंपनी ने आज की सप्लाई भी रद्द कर दी है। गौरतलब है कि इन प्लांटों में प्रतिदिन लगभग 800 टन फूड आइटम्स का उत्पादन होता है, जिसमें अकेले करीब 150 टन बीकानेरी भुजिया शामिल है। उत्पादन बंद होने से उद्योग जगत में शोक के साथ-साथ ठहराव का माहौल भी देखने को मिल रहा है।

उनके निधन पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि शिव रतन अग्रवाल ने अपनी मेहनत और दूरदृष्टि से बीकानेर के स्वाद को वैश्विक पहचान दिलाई, जो सदैव स्मरणीय रहेगा। पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, भाजपा नेता रामकिशन आचार्य, पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला, विधायक जेठानंद व्यास सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।