कुलगुरु आचार्य (डॉ.) मनोज दीक्षित ने किया पोस्टर का विमोचन

शिक्षा

बीकानेर // बेसिक पी.जी. कॉलेज द्वारा प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘Holistic Development in the 21st Century: Integrating Science, Society, and Sustainability (21वीं सदी में समग्र विकास : विज्ञान, समाज एवं सतत विकास का एकीकृत दृष्टिकोण)’ के पोस्टर का विमोचन महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने किया।

महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु को कॉन्फ्रेंस के विषय, उद्देश्य एवं रूपरेखा से अवगत कराया। इस अवसर पर कुलगुरु ने अपने कर-कमलों से कॉन्फ्रेंस के पोस्टर का विमोचन करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 29 अप्रैल 2026 (बुधवार) को हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में आयोजित की जाएगी, जिसमें देश-विदेश के विद्वान, शोधकर्ता एवं विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे। कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य ज्ञान का प्रसार, समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहन देना तथा विज्ञान, समाज और सतत विकास के समन्वित दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर कुलगुरु आचार्य (डॉ.) मनोज दीक्षित ने कहा कि वर्तमान समय में समग्र विकास के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय मंच शैक्षणिक उत्कृष्टता और वैश्विक संवाद को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया तथा कॉन्फ्रेंस की सफलता के लिए उनके सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जिससे नए विचारों और शोध के नवीन आयाम विकसित होंगे।