




बीकानेर // आचार्य महानंद वैदिक यज्ञ समिति के तत्वावधान में निःशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन वैशाख शुक्ल द्वादशी, 28 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। समिति के निखिल आचार्य ने बताया कि सभी बटुकों को प्रातः 7:30 बजे महानंद मंदिर परिसर में पहुंचना होगा।
अध्यक्ष किशन पुरोहित के अनुसार अब तक 90 बटुकों का पंजीयन हो चुका है। समिति के दाऊ लाल कल्ला ने बताया कि कर्मकांड भास्कर पंडित नथमल पुरोहित के सानिध्य में पिछले 25 वर्षों में लगभग 4500 बच्चों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न हो चुका है। संपूर्ण व्यवस्था संस्था के सदस्यों द्वारा की जाती है तथा पंडित भी दक्षिणा ग्रहण नहीं करते हैं।
कल के कार्यक्रम हेतु पंडित गौरीशंकर चूरा के निर्देशन में 16 वेदियों का निर्माण किया जा चुका है। पंडित सुरेश पुरोहित ने बताया कि सर्व आह्वानित देव पूजन के उपरांत सभी विप्र बालकों को यज्ञोपवीत धारण करवाया जाएगा एवं मंत्र दीक्षा दी जाएगी।
रोहित आचार्य के अनुसार समिति का उद्देश्य वैदिक संस्कारों को अक्षुण्ण रखते हुए यज्ञोपवीत संस्कार में होने वाले अपव्यय को रोकना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत मायरा, देराड़ी एवं किसी भी प्रकार का प्रीतिभोज करना सख्त मना है, तथा आयोजन में शामिल होने वाले सभी परिवारजन इस नियम का पालन सहर्ष करते हैं।
गणेश आचार्य ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु महानंद मंदिर परिसर में शिव आचार्य, प्रेम भादानी, अमरचंद आचार्य, विजय नारायण, अमित नारायण, विनोद आचार्य, महेंद्र आचार्य, आशीष व्यास एवं पवन जोशी ने कार सेवा की।



