



टेरो कार्ड रीडिंग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
शहर की प्रतिभाशाली बेटी राखी व्यास ने एक बार फिर बीकानेर का नाम रोशन किया है। उन्हें मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान ‘डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर संविधान अमृत महोत्सव गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें टेरो कार्ड रीडिंग और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

मुंबई स्थित महर्षि दयानंद महाविद्यालय में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन आशादीप महिला आधार मंच और ‘लेक लाडली’ अभियान के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
राखी व्यास को महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने और टेरो कार्ड रीडिंग के माध्यम से लोगों को सकारात्मक मार्गदर्शन देने के लिए यह सम्मान मिला। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पति शशि कुमार व्यास को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग और प्रेरणा से ही वे इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
उल्लेखनीय है कि राखी व्यास, बीकानेर के वरिष्ठ अधिवक्ता दाऊलाल पुरोहित की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे बीकानेर शहर में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राखी व्यास की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि बीकानेर की उभरती प्रतिभाओं और सामाजिक जागरूकता का भी परिचायक बनकर सामने आई है।



