



व्यापार उद्योग मंडल ने किया सम्मानित
बीकानेर // सीबीएसई कक्षा 12वीं में 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया टॉपर बनी तान्या सावनसुखा को बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने “राइजिंग स्टार ऑफ बीकानेर” उपाधि से सम्मानित किया। मंडल अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने तान्या के निवास पहुंचकर स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर तान्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच हर विद्यार्थी को सफलता की ओर ले जाती है। तान्या ने अपने दादा-दादी प्रकाश जी, तारा देवी, माता विनीता, पिता तरुण तथा पूरे परिवार के सहयोग को अपनी प्रेरणा बताया।
मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने कहा कि तान्या की उपलब्धि पूरे बीकानेर और राजस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मंजिल असंभव नहीं रहती।
मंडल सचिव संजय जैन सांड ने कहा कि तान्या आज लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। वहीं सह सचिव प्रेम जोशी और इमरान राठौड़ ने विश्वास जताया कि तान्या भविष्य में भी देश और समाज का नाम रोशन करेंगी।
इस दौरान जुगल राठी, संजय जैन सांड, प्रेम जोशी, इमरान राठौड़, जनक हर्ष, साजिद सुलेमानी, सत्यनारायण सिंगोदिया, भंवर सिंह राजपुरोहित सहित मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



