



दीदार-सुमित्रा को मिला मिस्टर-मिस फेयरवेल का खिताब, बॉलीवुड थीम पर सजे रंग
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में गुरुवार को जेन-ज़ी के अंदाज में फ्रेशर्स और सीनियर्स के लिए अनूठी फ्रेशर-फेयरवेल कॉम्बो पार्टी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विभाग की परंपराओं से जुड़ने और सीनियर्स को सेवा व संस्कार के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया।
बॉलीवुड थीम पर आयोजित पार्टी में विद्यार्थियों ने सोलो व ग्रुप डांस, गायन और मिमिक्री की प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। वहीं गुब्बारे फुलाने और ‘गेस द सॉन्ग’ सहित विभिन्न गेम्स ने माहौल को और मनोरंजक बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फ्रेशर्स और पासिंग आउट विद्यार्थियों का रैंप वॉक रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में विद्यार्थियों ने डीजे की धुन पर कैटवॉक किया। निर्णायकों ने तुषार को मिस्टर फ्रेशर और ट्विंकल को मिस फ्रेशर, जबकि दीदार को मिस्टर फेयरवेल और सुमित्रा को मिस फेयरवेल घोषित किया।
कार्यक्रम में विभाग के अतिथि शिक्षक डॉ. मुकेश हर्ष, डॉ. गोपाल व्यास, जसप्रीत सिंह, भगवान दास सुथार एवं सुशीला बिश्नोई मौजूद रहे। आयोजन में धीरज पंचारिया, मनीष, शशांक, कीर्ति, आदित्य, अनुष्का, कृष्ण और श्रुति सहित विद्यार्थियों की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थी मनीष बाबेल ने किया।



