





मनोरथ दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कोलकाता के ध्वनि ग्रुप ने भजनों से बांधा समां
बीकानेर। दम्माणी चौक स्थित श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी मंदिर में शनिवार को 170वें हर्षानंद महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह विशेष पूजा-अर्चना, छप्पन भोग अर्पण और अलौकिक मनोरथ दर्शन के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के मनमोहक श्रृंगार और दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों और राधे-कृष्ण के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
धर्मपरायण स्व. कन्हैयालाल जी दम्माणी परिवार की ओर से श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी की सेवा में समर्पित इस महोत्सव के लिए पूरे दम्माणी चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया। प्रवेश द्वार से मंदिर तक रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मालाएं, तोरण द्वार और आकर्षक झालरों ने उत्सवी माहौल को और खास बना दिया। भगवान का फूलों से सजा सिंहासन, चमकते वस्त्र और मोतियों-रत्नों से सजी पोशाक के बीच मनमोहक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। बीकानेर सहित देश-प्रदेश से पहुंचे भक्तों का दम्माणी परिवार की ओर से पारंपरिक स्वागत-सत्कार किया गया।
भजन संध्या में देर तक झूमे श्रद्धालु

महोत्सव की श्रृंखला में शनिवार शाम 6 बजे लक्ष्मी हेरिटेज में भजन संध्या और मनोरथ दर्शन का आयोजन हुआ। यहां श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी का विशेष मनोरथ सजाया गया। कोलकाता की प्रसिद्ध भजन गायक पार्टी ध्वनि ग्रुप ‘द वॉयस ऑफ मोक्ष’ के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों और धर्मप्रेमियों ने भी दर्शन कर सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
रविवार को निकलेगी शोभायात्रा, होगी फूलों की होली
महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को भी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रहेगी। सुबह 7.30 बजे श्री गणेशम रिसोर्ट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के संग श्रद्धालु फूलों की होली खेलेंगे। सुबह 10.30 बजे न्यू आरके ग्रुप की ओर से श्री गणेशम रिसोर्ट में ‘हरे कृष्ण वेलनेस कार्निवल’ और दिव्य मनोरथ दर्शन का आयोजन होगा। वहीं शाम 6 बजे पूगल रोड स्थित माखन भोग उत्सव कुंज में भजन और मनोरथ का आयोजन किया जाएगा। इसमें बीकानेर के प्रसिद्ध श्री सखी ग्रुप के कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।



