डंपिंग यार्ड की अव्यवस्थाओं पर महापौर ने जताई नाराजगी, सुधार के दिए निर्देश

प्रशासन

177 टिपर में से 115 ही संचालित, खराब वाहनों को दुरुस्त कराने के निर्देश

बीकानेर। महापौर अनिल कल्ला ने शनिवार को बल्लभ गार्डन स्थित डंपिंग यार्ड एवं टैक्सी-ट्रैक्टर पार्किंग स्टेशन का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण कार्यों की स्थिति देखी। इस दौरान वाहनों की स्थिति और मौके पर मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कंपनी प्रतिनिधियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कंपनी सुपरवाइजर ने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए 177 टिपर उपलब्ध हैं, जिनमें से 115 संचालित हैं तथा 15 ब्रेकडाउन हैं। इसके अलावा 72 ट्रैक्टर भी उपलब्ध हैं। महापौर ने खराब वाहनों को शीघ्र दुरुस्त करवाने और सभी वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था आमजन से सीधे जुड़ा विषय है। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। महापौर ने कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।