



उद्योग संघ ने आयात-निर्यात से लेकर शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य तक नए प्रकल्पों की बनाई रूपरेखा
बीकानेर // बीकानेर जिला उद्योग संघ अब औद्योगिक विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनहित के नए प्रकल्पों को लेकर लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में संघ की कार्यकारिणी बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न नवाचार योजनाओं और आगामी गतिविधियों पर चर्चा की गई। संघ अध्यक्ष अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से बीकानेर को ड्राईपोर्ट की सौगात मिलने पर उनका उद्योगपतियों की ओर से नागरिक अभिनंदन किए जाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया।
बैठक में अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि उद्योग संघ ने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है। ये कमेटियां अपनी विशेषज्ञता के आधार पर उद्योग, शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेंगी। उन्होंने बताया कि बीकानेर में आयात-निर्यात की संभावनाओं को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय आयात-निर्यात सेमीनार आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए अशोक सुराणा और राजेश झंवर नोखा को संयोजक बनाया गया है।
उद्योगपतियों के स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग संघ परिसर में डोम निर्माण और ओपन जिम को सक्रिय रूप से उपयोग में लाने की योजना भी बनाई गई। वहीं शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं का सम्मान करने का निर्णय लिया गया, जिसकी जिम्मेदारी निर्मल पारख को सौंपी गई है।
ये रहे मौजूद
बैठक में संघ के विद्युतीय सलाहकार भूपेंद्र भारद्वाज का सम्मान भी किया गया। इस दौरान नरेश मित्तल, वीरेंद्र किराडू, पारस डागा, श्यामसुन्दर सोनी, विमल चोरड़िया, सुरेंद्र जैन, कुन्दनमल मोहरा, चंद्रप्रकाश नौलखा, शिवरतन पुरोहित, राजीव शर्मा, किशनलाल बोथरा, राजाराम सारड़ा, विजय चांडक, भंवरलाल चांडक, किशन मूंधड़ा, रिषभ बोथरा, महावीर दफ्तरी, पिंटू राठी, अरविंद चौधरी और विपिन मुसरफ सहित कई सदस्य मौजूद रहे।



