



बोले- उद्योगों की हर लड़ाई में बनूंगा ‘एडवोकेट’*
बीकानेर // बीछवाल उद्योग संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय कानून राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बीकानेर देश का पहला “रिसाइकिल जोन” बन सकता है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग बीछवाल के आगे बड़ी जमीन देख रहा है और यदि सब कुछ योजना अनुसार रहा तो यहां ई-वेस्ट और औद्योगिक कचरे की रिसाइक्लिंग के लिए देश का पहला संगठित जोन विकसित किया जाएगा।

समारोह में सिद्धि कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री मेघवाल ने बीछवाल उद्योग संघ की नई टीम को शपथ दिलाते हुए कहा कि पश्चिमी राजस्थान में तेजी से बढ़ रहे सोलर प्लांट, मोबाइल, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए रिसाइक्लिंग जोन समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चीन की तर्ज पर यदि एक ही स्थान पर सभी प्रकार का रिसाइक्लिंग कार्य होगा तो उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने उद्योगपतियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए यदि किसी मंत्री या विभाग तक जाना पड़ा तो वे स्वयं “एडवोकेट” बनकर साथ खड़े रहेंगे।
रीको आरएम एसपी शर्मा ने बताया कि बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 70 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एसटीपी, सड़क, नाली, पानी की लाइन और विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड शिफ्टिंग जैसे कार्य शामिल हैं। वहीं करणी औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 75 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। रानी बाजार और खारा औद्योगिक क्षेत्र की फाइलें भी मुख्यालय में विचाराधीन हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीछवाल उद्योग संघ के अध्यक्ष विजय जोशी ने की। समारोह में बड़ी संख्या में उद्यमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



