नया राजस्थानी गीत लेकर आए युवा सिंगर योगेश पुरोहित

आसपास

‘बनी म्हे तो छैल छबीलो होयो रे’ म्यूजिकल वीडियो लॉन्च

इंडियन आइडल व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी दिखा चुके हैं प्रतिभा

बीकानेर के युवा संगीतकार एवं सिंगर योगेश पुरोहित ने अपना नया राजस्थानी म्यूजिकल वीडियो ‘बनी म्हे तो छैल छबीलो होयो रे, थारे साथ नाच के आज’ लॉन्च किया है। गीत को बीकानेर के रेस म्यूजिक प्रोडक्शन के राजन शर्मा व गोकुल व्यास ने तैयार किया है। गीत के बोल योगेश पुरोहित व उनकी मां संध्या पुरोहित ने लिखे हैं। गीत को आवाज स्वयं योगेश ने दी है तथा म्यूजिक कंपोजिशन भी उन्होंने ही किया है। कोरस में संध्या पुरोहित के साथ शिवानी सोनी व खुशी पंचारिया की आवाज शामिल है।

योगेश पुरोहित इससे पहले वर्ष 2018 में टीवी शो Indian Idol के स्टूडियो राउंड में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। वर्ष 2023 में गंगानगर के अंबेडकर कॉलेज में आयोजित अंतर महाविद्यालय संगीत प्रतियोगिता में उन्होंने पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने राग कलावती पर आधारित शास्त्रीय प्रस्तुति देकर निर्णायकों की खूब सराहना बटोरी थी।

इसके अलावा वर्ष 2019 में जयपुर दूरदर्शन की ओर से आयोजित लोकगीत प्रतियोगिता में भी योगेश ने ‘काली-काली काजलिया रेख’ गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्ष 2023 में आयोजित एक अन्य राज्य स्तरीय संगीत प्रतियोगिता में भी उन्होंने शास्त्रीय गायन से विशेष पहचान बनाई।

योगेश ने बताया कि वे बचपन से ही संगीत की शिक्षा ले रहे हैं। डागा चौक निवासी पंडित नारायण रंगा को वे अपना गुरु मानते हैं और उन्हीं से उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्राप्त की। योगेश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता आजाद पुरोहित व मां संध्या पुरोहित को दिया