एसपी मेडिकल कॉलेज में योग दिवस की तैयारियां तेज

स्वास्थ्य

21 जून को सुबह 6 बजे होगा सामूहिक योगाभ्यास, डॉक्टरों-विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी की तैयारी

बीकानेर // 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से एसपी मेडिकल कॉलेज में बुधवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ चिकित्सकों और छात्र प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन समिति ने निर्णय लिया कि इस बार योग दिवस कार्यक्रम में संभागभर के चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टर्स, मेडिकल विद्यार्थियों और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि योग आज केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब डॉक्टर स्वयं योग अपनाकर समाज को प्रेरित करेंगे तो आमजन में भी योग के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने सभी चिकित्सा कर्मियों, विद्यार्थियों और आमजन से 21 जून को आयोजित कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रातः 6 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में सामूहिक योगाभ्यास आयोजित होगा। कार्यक्रम में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पिंटू नाहटा, योग गुरु भुवनेश पुरोहित एवं ऋषिका व्यास के सानिध्य में योगाभ्यास कराया जाएगा ।