नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने याद किए योगदान

राजनीति

बीकानेर // भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जवाहर पार्क स्थित प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. बुलाकी दास कल्ला ने कहा कि पंडित नेहरू की दूरदर्शी सोच और योजनाओं का ही परिणाम है कि आज भारत विकास और आधुनिकता की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में नेहरू का योगदान अतुलनीय रहा है और पूरा राष्ट्र उनके कार्यों के प्रति सम्मान रखता है।

पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर स्वतंत्र भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने तक नेहरू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में देश को नई दिशा देने का कार्य पंडित नेहरू ने किया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता साजिद सुलेमानी, गजेंद्र सिंह सांखला, रामनाथ आचार्य, राहुल जादूसंगत, ओबीसी जिलाध्यक्ष उमा सुथार, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष हसन अली गौरी, हाजिर खान, मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण व्यास, पार्षद दुर्गादास छंगाणी, सूचना प्रौद्योगिकी प्रभारी अकरम अली, मुमताज शेख और भगवान सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।