राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर मरीजों के परिजनों को भोजन, गोवंश को खिलाया हरा चारा

राजनीति

कांग्रेस नेताओं ने कहा- जनसेवा और किसानों की आवाज थे राजेश पायलट

बीकानेर // पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने पीबीएम अस्पताल के पास मां रोटी बैंक परिसर में दूर-दराज से आए मरीजों के परिजनों को भोजन करवाकर तथा मेडिकल ग्राउंड के पास गोवंश को हरा चारा खिलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी ने कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध में राजेश पायलट ने भारतीय वायु सेना की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बाद में जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और किसानों के प्रिय नेता बने।

प्रदेश कांग्रेस अभाव अभियोग विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने कहा कि राजीव गांधी सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में शांति एवं सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए। महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ ने उन्हें मजबूत इरादों वाला जननेता बताते हुए कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में भी उतरे थे और हमेशा जनचेतना के लिए कार्य करते रहे।

इस अवसर पर इकबाल, हाजिर खान, हबीबा चौधरी, राज भटनागर, लक्ष्मी गुप्ता, खुर्शीदा बेगम, शहनाज, पुष्पा, रुक्मणी नायक, सरोज, मोहम्मद हसन अली, नंदलाल गहलोत और गोरीशंकर गहलोत सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।