


ग्रीष्मकालीन निःशुल्क शिविर में सैकड़ों बच्चे कर रहे योगाभ्यास, पारंपरिक खेलों से बढ़ रहा आत्मविश्वास
बीकानेर // भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के तत्वावधान में मुरलीधर व्यास नगर रोड स्थित बाबा रामदेव पार्क में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर में बच्चों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान चल रहे इस शिविर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में बालक-बालिकाएं एवं विभिन्न आयु वर्ग के साधक भाग लेकर योग, संस्कार और खेल गतिविधियों का लाभ उठा रहे हैं।
शिविर में बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार के प्रति जागरूक बनाने के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रकल्पों के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को आयोजित विशेष सत्र में बच्चों को पारंपरिक भारतीय खेलों के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी योगाभ्यास कराया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक ताड़ासन, चक्रासन, सर्वांगासन, उत्तानपादासन एवं वृक्षासन सहित विभिन्न योगासन किए।
योग सत्र के बाद बच्चों के मनोरंजन और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोमांचक बोरी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ के दौरान बच्चों की ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने लायक रही। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपस्थित अभिभावकों और शिविर कार्यकर्ताओं ने भी उनका हौसला बढ़ाया।
शिविर संयोजक नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि यह निःशुल्क शिविर केवल योग तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी नियमित आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि योग और भारतीय खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर युवा प्रभारी भवानीशंकर सांखला, नरेंद्र सुथार, विकास जोशी, जयचंद उपाध्याय, नथमल कच्छावा, सूर्या धामू सहित मातृशक्ति टीम की गुड्डी देवी, शोभा, करिश्मा, हेमलता, योगिता और खुशी मौजूद रहीं। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित योग और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।



