


10 सूत्रीय मांगपत्र में मेडिसिन व गायनिक विंग शुरू करने, भ्रष्टाचार की स्वतंत्र जांच, दवा-उपकरणों की व्यवस्था और लापरवाही के मामलों में कार्रवाई की मांग
बीकानेर // पीबीएम अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस का “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” लगातार जारी है। इसी क्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और देहात कांग्रेस अध्यक्ष विशनाराम सियाग ने केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से बीकानेर सर्किट हाउस में मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कई दिनों से कांग्रेस जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और आमजन शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में चिकित्सकीय लापरवाही, सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति, दवाइयों की कमी, बंद पड़े चिकित्सा उपकरणों और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें सामने रखी हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में 10 प्रमुख मांगें रखीं। इनमें सीएम मूंधड़ा मेडिसिन विंग और लंबे समय से तैयार गायनिक विंग का संचालन शुरू करने, अस्पताल में हुए भ्रष्टाचार की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, जीवनरक्षक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीटी स्कैन, एमआरआई सहित अन्य जांचों की समयबद्ध व्यवस्था करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा प्रशासनिक लापरवाही से बंद पड़े चिकित्सा उपकरणों को चालू करने, चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, चिकित्सकीय लापरवाही से प्रभावित प्रसूता महिलाओं के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रत्येक पीड़िता को 25 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। मरीजों और उनके परिजनों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जिला स्तर पर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।



