


मुंबई में सक्रिय उदयवीर सिंह पहली बार लीड रोल में, थिएटर कलाकार आमिर हुसैन भी निभाएंगे अहम किरदार
जयपुर // स्टेज ऐप की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘डाकन’ की शूटिंग इन दिनों जयपुर और आसपास के इलाकों में जोर-शोर से चल रही है। खास बात यह है कि इस बड़े प्रोजेक्ट में बीकानेर के दो कलाकार अपनी अभिनय प्रतिभा का दम दिखाते नजर आएंगे।

कॉमेडी कलाकार केके रंगा ने बताया कि सीरीज में मुख्य भूमिका बीकानेर के उदयवीर सिंह निभा रहे हैं। पिछले पांच वर्षों से मुंबई में अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय उदयवीर पहली बार किसी बड़ी वेब सीरीज में लीड रोल में दिखाई देंगे। वहीं, बीकानेर के चर्चित थिएटर कलाकार आमिर हुसैन भी एक अहम और प्रभावशाली किरदार निभा रहे हैं।
सनशाइन प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस वेब सीरीज की शूटिंग जयपुर के निकट धुलागढ़ समेत कई लोकेशनों पर की जा रही है। ‘जमनापार’ और ‘ये मेरी फैमिली’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स बना चुके सनशाइन प्रोडक्शन इस बार स्टेज ऐप के लिए बड़े स्तर पर ‘डाकन’ का निर्माण कर रहा है। माना जा रहा है कि यह सीरीज राजस्थान की लोक संस्कृति और रहस्य-रोमांच की पृष्ठभूमि पर आधारित एक बड़ा प्रोजेक्ट साबित होगी।



