


यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन ने प्रथम वर्ष की फीस का उठाया जिम्मा, शिक्षा सम्बल योजना से मेधावी विद्यार्थियों को मिल रहा संबल
जयपुर/बीकानेर .. बीकानेर की प्रतिभाशाली छात्रा दीक्षा टाक (मारू) की उच्च शिक्षा अब आर्थिक अभाव के कारण नहीं रुकेगी। यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन (यूजीपीएफ) ने दीक्षा को प्रथम वर्ष की फीस के लिए 4 लाख 90 हजार 300 रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है। शनिवार को जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन के निदेशक ब्रिगेडियर जितेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रतीकात्मक चेक दीक्षा को सौंपा। इस अवसर पर फाउंडेशन के सलाहकार के.के. बोहरा तथा दीक्षा के पिता श्याम मारू भी मौजूद रहे।
दीक्षा ने नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) की प्रवेश परीक्षा में ओबीसी वर्ग में देशभर में 11वीं रैंक हासिल कर बीकानेर और राजस्थान का नाम रोशन किया है। फाउंडेशन की ओर से दी गई यह सहायता राशि उनके प्रथम वर्ष की फीस जमा कराने के लिए उपलब्ध कराई गई है।
फाउंडेशन के अनुसार, प्रमुख होटल व्यवसायी एवं भामाशाह मेघराज सिंह रॉयल के नेतृत्व में संचालित यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। ‘शिक्षा सम्बल योजना’ के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, वहीं आईएएस, आरएएस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग, भोजन और आवास की सुविधा भी दी जा रही है। पिछले दो वर्षों में करीब एक हजार विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
फाउंडेशन ने जोधपुर जिले के जेठाणिया गांव में लगभग 100 बीघा भूमि पर एकीकृत ग्रामीण विकास मॉडल विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना भी शुरू की है। इसके साथ ही ‘हॉस्पिटलिटी से हुनर’ योजना के जरिए युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण, ‘मास रॉयल वेडिंग्स’ के माध्यम से सामूहिक विवाह और ‘धुन प्रोजेक्ट’ के तहत पौधारोपण एवं जल संरक्षण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना है।



