रविवार को होगा योग संस्कार के निःशुल्क शिविर का समापन

समाज

3 जून से चल रहा है योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर

बीकानेर // भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के तत्वावधान में 3 जून से बाबा रामदेव पार्क में संचालित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर का भव्य समापन समारोह (वार्षिक उत्सव) रविवार, 28 जून को सायं 6 बजे नत्थूसर बास स्थित हनुमान मंदिर भवन में आयोजित होगा।

शिविर संयोजक नन्दकिशोर गहलोत ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस शिविर में बच्चों एवं युवाओं को योग, प्राणायाम, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रभक्ति के संस्कार दिए गए। साथ ही पारंपरिक खेल, चित्रकला, बौद्धिक प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को निखारा गया।
समापन समारोह में प्रतिभागी योग प्रदर्शन, देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा प्रतिभा सम्मान और पुरस्कार वितरण सहित कई आकर्षक कार्यक्रम होंगे। आयोजकों ने शहरवासियों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों से समारोह में सपरिवार उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।