


जिला कलेक्टर निशांत जैन ने दिया प्रशस्ति पत्र, की सराहना
जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुआ। समारोह में क्यूबिशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर निदेशक एवं प्रसिद्ध समाजसेवी चंद्रेश हर्ष को जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

समारोह में जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों को एक लाख से 30 लाख रुपए तक का सहयोग देने वाले 13 भामाशाहों तथा पांच लाख से 50 लाख रुपए तक का सहयोग जुटाने वाले सात प्रेरकों का सम्मान किया गया।
चंद्रेश हर्ष ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारह गुवाड़ तथा राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय, हर्षों का चौक सहित अनेक राजकीय विद्यालयों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समाज की सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके इसी उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया।
जिला कलेक्टर ने चंद्रेश हर्ष के योगदान की सराहना की। चंद्रेश हर्ष ने विश्वास दिलाया कि बालिका शिक्षा के लिए वे आगे भी हमेशा तत्पर रहेंगे। जब भी आवश्यकता वाले बालिका स्कूल में कोई जरूरत महसूस हो तो जब भी प्रशासन कहेगा वे सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
इस अवसर जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, संयुक्त निदेशक शिक्षा सुनीता चावला, जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण, उप जिला शिक्षा अधिकारी अनिल बोडा, पूर्व संयुक्त निदेशक विजयशंकर आचार्य, देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



