स्व. घनश्याम बिस्सा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप

आसपास

टर्फ मास्टर्स और धुरंधर ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

बीकानेर // स्व. घनश्याम बिस्सा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप के दूसरे दिन स्थानीय किशन गार्डन में पांच रोमांचक मुकाबले खेले गए।

आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय पुरोहित तथा सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला ने बतौर अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

पहला मुकाबला बाबा-8 और पुष्करणा एकेडमी के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में पुष्करणा एकेडमी ने अंतिम ओवर में दो विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। दीपक गिरी को मैन ऑफ द मैच तथा शोभित आचार्य को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।

दूसरा मैच फाइटर-11 और मातेश्वरी टाइगर्स के बीच खेला गया। फाइटर-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 96 रन का लक्ष्य दिया, जिसे मातेश्वरी टाइगर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हासिल कर अपनी पहली जीत दर्ज की। विवेक अग्रवाल मैन ऑफ द मैच रहे, जबकि फाइटर-11 के वासु सुथार को 50 रनों की शानदार पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।

तीसरे मुकाबले में जेएमडी और पुष्करणा यंगस्टर्स आमने-सामने थे। पुष्करणा यंगस्टर्स ने सात विकेट से जीत दर्ज की। चेतन व्यास मैन ऑफ द मैच तथा कपिल पारीक सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे। चौथे मैच में धुरंधर ने मातेश्वरी टाइगर्स को 28 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जुबैद खान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दूसरे दिन का अंतिम मुकाबला गेम चेंजर-9 और टर्फ मास्टर्स के बीच खेला गया। टर्फ मास्टर्स ने 36 रन का लक्ष्य मात्र तीन ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। पीयूष सेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो ओवर में केवल चार रन देकर तीन विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने। कुलदीप को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला। समापन पर नवल कुमार पुरोहित एवं विष्णुनारायण बिस्सा ने अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।