राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां रविवार को बीकानेर आएंगे

राजनीति

ऊंट अनुसंधान केंद्र के स्थापना दिवस व छात्र सम्मेलन में होंगे शामिल

बीकानेर // राज्यसभा सांसद एवं भाजपा हरियाणा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां रविवार को एक दिवसीय बीकानेर दौरे पर रहेंगे। वे दिनभर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दौरे की शुरुआत दोपहर 12 बजे जोरबीर स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय ऊंट अनुसंधान केंद्र के स्थापना दिवस समारोह से होगी, जहां वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर समारोह को संबोधित करेंगे।

रविवार शाम 4 बजे जिला उद्योग संघ सभागार में भाजपा शहर और भाजपा देहात के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती की पूर्व संध्या पर छात्र सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में डॉ. पूनियां मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, युवा शक्ति तथा डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों पर मार्गदर्शन देंगे।

भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, विद्यार्थी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

भाजपा जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि डॉ. पूनियां का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों के साथ युवाओं से संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।