


बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास ने बुधवार को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान बीकानेर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों तथा जिले की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक व्यास ने मुख्यमंत्री को बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा की। साथ ही निकाय चुनावों से जुड़े विषयों एवं जिले के समग्र विकास को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बीकानेर दौरे और बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर भी विशेष मंथन हुआ। दोनों नेताओं ने समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और समन्वय पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि बीकानेर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को राज्य सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है तथा मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन जिले के विकास को नई गति प्रदान करेगा।



