


प्रदेश नेताओं की मौजूदगी में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और चुनावी कार्ययोजना पर होगा मंथन
बीकानेर // आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी बीकानेर देहात की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक गुरुवार, 6 अगस्त को सुबह 10 बजे भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि बैठक का उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश देना है। इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श के साथ आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं बीकानेर संभाग प्रभारी डॉ. मिथिलेश गौतम, पूर्व राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, राजस्थान सरकार के जीव-जन्तु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई तथा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि बैठक में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, विधायक प्रत्याशी, बोर्ड-आयोगों के अध्यक्ष, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, प्रधान, उपप्रधान, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य व प्रत्याशी, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी सहित संगठन के सभी प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक को आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।



