


बीकानेर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नई दिल्ली के होटल सांगरी लॉ इॅरोज में आयोजित होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय सचिव रमजान मुगल भी शामिल होंगे।
रमजान मुगल ने बताया कि बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की मौजूदगी में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से राजस्थान में प्रस्तावित निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर पार्टी की भूमिका और रणनीति पर मंथन होगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पार्टी चुनाव लड़ेगी या किसी अन्य रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी, इसका अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान करेंगे। इसके अलावा बैठक में राजस्थान में प्रस्तावित पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन को लेकर भी चर्चा होगी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
मुगल ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय पार्टी को आगामी चुनावों में नई दिशा देने के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



