स्वतंत्रता दिवस पर चिकित्सा और पुलिस सेवा के अग्रणी चेहरों का सम्मान, व्यापार उद्योग मंडल ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

समाज

बीकानेर। स्वतंत्रता दिवस पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल परिसर में आयोजित समारोह देशभक्ति और सम्मान के भाव से सराबोर रहा। मंडल अध्यक्ष जुगल राठी सहित व्यापारियों व उद्यमियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए डॉ. पिन्टू नाहटा, डॉ. देवेन्द्र अग्रवाल और डॉ. भूपेन्द्र शर्मा तथा कानून-व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान के लिए कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी का शॉल और साफा पहनाकर सम्मान किया गया। वरिष्ठ उद्योगपति सुभाष मित्तल व नरपत सेठिया को भी उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

जुगल राठी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली आजादी को राष्ट्रहित, सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना से ही सार्थक बनाया जा सकता है। अतिथियों ने भी नागरिक कर्तव्यों, अनुशासन, स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्र निर्माण में सभी वर्गों की सहभागिता पर बल दिया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।