




बीकानेर // सावन के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को श्री धरणीधर महादेव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। धरणीधर श्रृंगार कमेटी के तत्वावधान में भव्य सावन महोत्सव, महाअभिषेक, अलौकिक भस्म आरती एवं बाबा धरणीधर महादेव की नगर भ्रमण शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का मुख्य आकर्षण उज्जैन की तर्ज पर होने वाली भव्य भस्म आरती रहेगी।
कमेटी अध्यक्ष रवींद्र आचार्य ने बताया कि बाबा का विशेष अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर की धार्मिक परंपरा में इस आयोजन का विशेष महत्व है और इसे भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सोनू स्वामी एवं कोषाध्यक्ष अभिषेक आचार्य ने बताया कि दोपहर 1 बजे मंदिर से भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा रवाना होगी। इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से दोपहर 12 बजे तक मंदिर परिसर पहुंचने का आग्रह किया गया है। शोभायात्रा धरणीधर मंदिर से प्रारंभ होकर दशनाम गोस्वामी मोहल्ला, उस्ता बारी, आचार्य चौक, मोहता चौक, हर्षों का चौक, रतानी व्यासों का चौक, सदा फतेह, बारगवाड़ चौक और नत्थूसर गेट होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा।
मुख्य पुजारी ओम जी महाराज एवं भस्म आरती पुजारी विशाल शर्मा ने बताया कि सायंकाल 5 बजे से रात 9:30 बजे तक विशेष महाअभिषेक के साथ उज्जैन की तर्ज पर अलौकिक भस्म आरती होगी। उन्होंने कहा कि सावन के इस पावन सोमवार को बाबा भूतेश्वर स्वयं भस्म धारण कर भक्तों को दर्शन देते हैं। कमेटी ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।



