भामाशाह चन्द्रेश हर्ष का नागरिक अभिनंदन, सेवा कार्यों को सराहा

समाज

ब्रह्म बगीचा प्रन्यास के तत्वावधान में हुआ अभिनंदन

बीकानेर // ब्रह्म बगीचा प्रन्यास के तत्वावधान में सामाजिक कार्यकर्ता एवं भामाशाह चन्द्रेश हर्ष का नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि गायत्री आश्रम सागर के रामेश्वरानंद जी महाराज थे, जबकि अध्यक्षता ब्रह्म बगीचा प्रन्यास के अध्यक्ष तोलाराम पेड़ीवाल ने की। रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष शशिमोहन मुंधड़ा विशिष्ट अतिथि रहे।

रामेश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करना ही सच्ची सेवा है। चन्द्रेश हर्ष ने सेवा और सहयोग के माध्यम से समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

तोलाराम पेड़ीवाल ने कहा कि भामाशाह समाज की जरूरतों को समझकर आगे आते हैं। चन्द्रेश हर्ष का सामाजिक योगदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। शशिमोहन मुंधड़ा ने कहा कि समाजसेवा केवल संसाधन देने का नाम नहीं, बल्कि जरूरतमंद के साथ खड़े होने का भाव है। हर्ष ने इस भावना को निरंतर आगे बढ़ाया है।

माहेश्वरी सभा के शहर अध्यक्ष सुनील सारड़ा ने कहा कि समाज के विकास में भामाशाहों की भूमिका महत्वपूर्ण है। हर्ष ने सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अधिवक्ता हीरालाल हर्ष ने कहा कि चन्द्रेश हर्ष का जीवन सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उनका सहयोग अनेक लोगों के लिए संबल बना है। बृज गोपाल जोशी ने कहा कि सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहना बड़ी बात है। हर्ष ने सेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है।

कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने चन्द्रेश हर्ष के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की प्रशंसा करते हुए अभिनंदन पत्र का वाचन किया। उन्होंने कहा कि हर्ष का व्यक्तित्व संवेदनशीलता, सहयोग और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचायक है।
राजस्थानी कवि जगदीश रतनू ने समारोह का संचालन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने चन्द्रेश हर्ष का अभिनंदन करते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।