नगरीय निकाय चुनाव में बड़ा बदलाव: बीकानेर में 9 को, छह पालिकाओं में 11 सितंबर को मतदान

प्रशासन

तीज त्योहार व मेलों को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने बदली मतदान की तारीख। जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश पर लिया फैसला

बीकानेर // जिले की सभी 7 नगरीय निकायों में मतदान की तारीख में राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश और विभिन्न मेले, तीज-त्योहार, सामाजिक आयोजनों तथा धार्मिक यात्राओं को देखते हुए आयोग ने मतदान की तिथियों में फेरबदल किया है।

नए आदेश के अनुसार अब नगर निगम बीकानेर में 11 सितंबर के बजाय 9 सितंबर को मतदान होगा। वहीं जिले की शेष छह नगर पालिकाओं—नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, खाजूवाला, लूणकरणसर और नापासर में अब 9 सितंबर के बजाय 11 सितंबर को वोटिंग करवाई जाएगी।

रामदेवरा और पूनरासर मेले को देखते हुए बदली तारीख

बीकानेर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भादवा मेले के दौरान रामदेवरा और पूनरासर के मेलों में शामिल होने के लिए जाते हैं। इन धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर से बड़ी संख्या में लोगों के बाहर जाने के कारण मतदान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। इसे देखते हुए लंबे समय से मतदान की तारीख बदलने की मांग की जा रही थी।

विभिन्न सामाजिक संगठनों की मांग और जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश को ध्यान में रखते हुए अब राज्य निर्वाचन आयोग ने तारीखों में बदलाव को मंजूरी दे दी है। इससे नगर निगम बीकानेर के मतदाताओं को धार्मिक यात्राओं और मतदान के बीच बेहतर समन्वय का अवसर मिलेगा।