राज्य स्तरीय साक्षरता सम्मान समारोह में बीकानेर की बेटी पूनम भास्कर सम्मानित

आसपास

जयपुर वेस्ट की सर्वेयर को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला प्रशंसा पत्र, साक्षरता अभियान में डिजिटल शिक्षा और एआई को जोड़ने का दिया सुझाव

बीकानेर // अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर को शिक्षा संकुल, जयपुर में राज्य स्तरीय साक्षरता सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित समारोह में साक्षरता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रभारी, सर्वेयर तथा सीखने-सिखाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बीकानेर की बेटी पूनम भास्कर को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार खींची एवं अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र कुमार जैन मौजूद रहे। विभाग ने इस वर्ष प्रदेश में 35 लाख लोगों को साक्षर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक करीब 29 लाख लोगों को साक्षर किया जा चुका है। जयपुर जिले को 4 लाख लोगों को साक्षर करने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से करीब 3 लाख लोगों को साक्षर कर जयपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
निदेशक महेन्द्र कुमार खींची ने कहा कि साक्षरता एवं सतत शिक्षा के कार्यक्रमों को शिक्षक प्रशिक्षण तथा एसटीसी डिग्री कोर्स के पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है। इससे आने वाले समय में प्रदेश की साक्षरता दर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

समारोह में जयपुर वेस्ट ब्लॉक की साक्षरता प्रभारी माया गुरावा तथा शिवाजी नगर की सर्वेयर पूनम भास्कर को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। दोनों ने साक्षरता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को इससे जोड़ने का सुझाव दिया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक योगेश एवं उपनिदेशक रविंद्र लाटा के मार्गदर्शन में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक संघ के रमेश पुष्करणा मौजूद रहे। साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी नवल किशोर शर्मा तथा सहायक परियोजना अधिकारी ब्रिज लता शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।