




जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल व उद्योग संघ प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर पश्चिम रेलवे जीएम पंकज शर्मा से मुलाकात कर बीकानेर की रेल समस्याओं और नई सेवाओं के विस्तार का उठाया मुद्दा
बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा के बीकानेर दौरे के दौरान जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, फोर्टी अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी एवं पंकज अग्रवाल ने उनका शॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर की रेल सेवाओं से जुड़ी समस्याओं तथा नई रेल सेवाओं के विस्तार की मांगों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बीकानेर से जयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बीकानेर से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति एवं आम नागरिकों का जयपुर आना-जाना रहता है, ऐसे में हाईस्पीड रेल सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
इसके अलावा बीकानेर से कालका-चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने, हरिद्वार जाने वाली ट्रेन संख्या 14717/14718 को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन संचालित कर उसका विस्तार योगनगरी ऋषिकेश तक करने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान में यात्रियों की संख्या को देखते हुए इस ट्रेन का दैनिक संचालन आवश्यक है।
ज्ञापन में बीकानेर से उदयपुर के लिए नई रेल सेवा शुरू करने, तिरुपति के लिए साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने तथा प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12403/12404) को प्रतिदिन चूरू-फतेहपुर मार्ग से संचालित करने का सुझाव भी दिया गया। साथ ही बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस (22632) का विस्तार रामेश्वरम तक किए जाने की मांग रखी गई, ताकि दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से बीकानेर मंडल की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस अवसर पर नवीन अग्रवाल, भंवरलाल चांडक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।



