


भगत सिंह पार्क में भजन-कीर्तन के बीच हुआ महाभोग, शुक्रवार शाम निकलेगी विसर्जन यात्रा
बीकानेर। सुदर्शना नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में आयोजित पांच दिवसीय श्री गणपति महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह 11 बजे भगवान श्री गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया। महिलाओं ने अपने घरों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं पकवान लाकर गणपति बप्पा को नैवेद्य समर्पित किया। पूरे पंडाल में “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष गूंजते रहे और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समिति की भावना जांगिड़ ने बताया कि छप्पन भोग प्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं पूजा देवड़ा ने बताया कि विशेष पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।
समिति की चन्द्रकला ने बताया कि महोत्सव के पांचवें एवं अंतिम दिन शुक्रवार को शाम 4:30 बजे भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन यात्रा शहीद भगत सिंह पार्क से रवाना होगी। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर सागर तालाब पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से विसर्जन यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।



