पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के घर पहुंचे उद्योग संघ के पदाधिकारी, पिता स्व. रूघनाथ भाटी को दी श्रद्धांजलि

समाज

हदा गांव में शोक संतप्त परिवार से की मुलाकात; अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया बोले—समाज ने खोया सरल, सेवाभावी और जनप्रिय व्यक्तित्व

बीकानेर। राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भंवर सिंह भाटी के पिता तथा कोलायत के पूर्व प्रधान स्वर्गीय रूघनाथ भाटी के निधन पर बीकानेर जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने उनके पैतृक गांव हदा पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि स्व. रूघनाथ भाटी का निधन समाज और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि भाटी अपने सरल, सौम्य और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। कोलायत के पूर्व प्रधान के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और आमजन के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

संघ के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल बोथरा ने कहा कि स्व. भाटी का सामाजिक योगदान और सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं अशोक सुराणा ने कहा कि उनके निधन से समाज ने एक अनुभवी, संवेदनशील और जनहित के लिए समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र किराडू, बसंत नौलखा, चंद्रप्रकाश नौलखा, विजय नौलखा, अरविंद चौधरी और रवि पुगलिया सहित उद्योग संघ के कई पदाधिकारियों ने स्व. रूघनाथ भाटी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।