



बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक प्रबंधन, जुआ-सट्टे व अवैध शराब पर सख्ती, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
बीकानेर। दीपावली पर्व से पहले शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक जेठानंद व्यास सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को पत्र लिखकर त्योहार के दौरान शहर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
विधायक व्यास ने पत्र में प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आग्रह किया है, ताकि खरीदारी के दौरान आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके। उन्होंने जुआ-सट्टे और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।
पत्र में बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा एम्बुलेंस और दमकल वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग हर समय सुगम बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
विधायक ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने का भी आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि समय रहते प्रभावी व्यवस्थाएं किए जाने से दीपावली का पर्व शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में मनाया जा सकेगा।



