



शारदीय नवरात्रि पर धार्मिक आस्था, नारी सम्मान और सामाजिक एकता का हुआ संगम, बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने की सहभागिता
बीकानेर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विप्र फाउंडेशन जोन-1 बी, बीकानेर के महिला प्रकोष्ठ एवं विप्र परिवार, शहर बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक समरसता अभियान के अंतर्गत 101 कन्याओं का पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति, नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक एकता की भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति ने भाग लेकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
सामाजिक समरसता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक भंवर पुरोहित, विप्र फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत एवं महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रकला आचार्य ने बताया कि 101 कन्याओं का पूजन भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान और शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, समानता, सहयोग और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के साथ सामाजिक समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भंवर पुरोहित ने कहा कि सामाजिक समरसता अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आत्मीयता, एकता और परस्पर सद्भाव को बढ़ावा देना है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा नारी शक्ति के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता विकसित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कन्याओं का पूजन कर उन्हें शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा का प्रतीक मानते हुए श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया गया। भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। मातृशक्ति और समाजबंधुओं की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
इस अवसर पर प्रो. संजय आचार्य, रामरतन पुरोहित, कौशल आचार्य, संजय स्वामी, आर.एस. हर्ष, विजय सोलंकी, केशव सांखी, देवकिशन रामावत, लक्ष्मण पुरोहित, पवन पुरोहित, लेखराज सारण, प्रवीण शर्मा, जगदीश शर्मा, तोलाराम उपाध्याय, शीला भादाणी, चन्द्रकला सारस्वत, सुभाष जैन (जिलाध्यक्ष), दिनेश कुमार चूरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय संयोजक भंवर पुरोहित, प्रदेशाध्यक्ष धनसुख सारस्वत एवं प्रदेशाध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) चन्द्रकला आचार्य ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव और सेवा-संस्कार की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।



