


जयपुर में लोक अभियोजकों एवं सरकारी अधिवक्ताओं से संवाद कार्यक्रम; आधुनिक तकनीक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से न्याय व्यवस्था को और सरल-सुलभ बनाने पर जोर, बीकानेर से छह सरकारी अधिवक्ताओं ने लिया हिस्सा
बीकानेर/जयपुर। मुख्यमंत्री आवास जयपुर में शनिवार को प्रदेश के समस्त लोक अभियोजक, विशिष्ट लोक अभियोजक, अपर लोक अभियोजक, एजी एवं एएजी के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकारी अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय केवल सक्षम और संसाधन वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति को भी समय पर न्याय मिले, यह सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अधिवक्ता राज्य सरकार की ओर से मामलों में सशक्त पैरवी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी गरीब या असहाय व्यक्ति को संसाधनों के अभाव में न्याय से वंचित नहीं होना पड़े।
आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी न्याय व्यवस्था
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि न्याय प्रणाली को अधिक सुलभ, सरल और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम करेगी। बदलते समय के साथ न्याय व्यवस्था में तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाना आवश्यक है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आए और आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों और राज्य के समस्त सरकारी अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसके लिए समय-समय पर जांच अधिकारियों एवं अभियोजन अधिकारियों की संयुक्त बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि प्रकरणों की प्रभावी पैरवी हो सके और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के साथ निर्दोष व्यक्ति के अधिकारों की भी रक्षा सुनिश्चित हो।
बीकानेर से इन अधिवक्ताओं ने किया प्रतिनिधित्व
संवाद कार्यक्रम में बीकानेर से लोक अभियोजक राधेश्याम सेवग, विशिष्ट लोक अभियोजक (पोक्सो) सारस्वत, नोखा अपर लोक अभियोजक राजाराम बिश्नोई, अपर लोक अभियोजक संख्या-2 मुकेश आचार्य, अपर लोक अभियोजक संख्या-5 शिवशंकर स्वामी तथा साइबर विशिष्ट लोक अभियोजक धीरज कल्ला ने भाग लिया।



