





महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में होगा समारोह, वरिष्ठ साहित्यकार गोविन्द माथुर करेंगे अध्यक्षता, बुलाकी शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
बीकानेर। शहर के समृद्ध साहित्यिक परिवेश में एक और साहित्यिक आयोजन जुड़ने जा रहा है। वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी द्वारा प्रकाशित उपन्यासकार एवं कथाकार रेणु बाला चौहान के कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का विमोचन 5 नवंबर को होगा। समारोह शाम 4 बजे महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
वी.आर. फाउंडेशन के अध्यक्ष विशाल सोलंकी ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार गोविन्द माथुर करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा मौजूद रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी तथा कवयित्री एवं कथाकार डॉ. मेघना शर्मा शिरकत करेंगी। कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ पर पत्रवाचन डॉ. नमामी शंकर आचार्य करेंगी, जबकि मंच संचालन संजय श्रीमाली करेंगे। आयोजन में शहर के साहित्यकारों, साहित्यप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

शिक्षा और साहित्य दोनों क्षेत्रों में सक्रिय हैं रेणु बाला
रेणु बाला चौहान हिन्दी एवं शिक्षा विषय में स्नातकोत्तर होने के साथ यूजीसी नेट, बीएसटीसी और बीएड की शैक्षणिक योग्यता रखती हैं। उनका लेखन साहित्य, शिक्षा और समसामयिक सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। उनका उपन्यास ‘डीएम रश्मि रिपोर्टिंग सर’ वर्ष 2025 में प्रकाशित हुआ था। विभिन्न राष्ट्रीय समाचार-पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं में उनके आलेख, कहानियां और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित होते रहे हैं। राजस्थान शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘शिविरा’ में भी उनके आलेख नियमित रूप से प्रकाशित होते हैं। उनकी पहली साहित्यिक कृति डीएम रश्मि रिपोर्टिंग सर उपन्यास का लोकार्पण 28 दिसम्बर 2025 को हुआ था।
लेखन एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें शिक्षा विभाग की ओर से श्रेष्ठ परिणाम हेतु प्रशस्ति-पत्र तथा सावित्रीबाई फुले एजुकेशन एंड सोशल अवेयरनेस सोसायटी की ओर से ‘उदीयमान लेखिका पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है। वे आकाशवाणी बीकानेर से भी नियमित रूप से जुड़ी हुई हैं। वर्तमान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोनगिरी कुआं, बीकानेर में हिन्दी व्याख्याता के पद पर सेवाएं दे रही हैं।



