बार एसोसिएशन, बीकानेर की राजस्थान में प्रथम आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का शुभारंभ

समाज

बीकानेर // बार एसोसिएशन, बीकानेर के लिए आज अपनी आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। बीकानेर जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा के कर-कमलों द्वारा नवीन न्यायालय भवन स्थित लाईब्रेरी हॉल में इसका शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने कहा यह राजस्थान की प्रथम बार एसोसिएशन है, जिसने अपने सदस्यों की सुविधा एवं संगठन के कार्यों को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप प्रारम्भ की है। यह पहल अधिवक्ताओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा बार एसोसिएशन के कार्यों में पारदर्शिता, सुगमता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में अधिवक्ताओं के लिए इस प्रकार की ऑनलाइन सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा की गई यह पहल सराहनीय एवं अनुकरणीय है तथा अन्य बार एसोसिएशनों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश, बीकानेर ने अपने उद्बोधन में इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि न्यायिक व्यवस्था एवं अधिवक्ता समुदाय के कार्यों में तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की सुविधाओं से अधिवक्ताओं को अपने कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी तथा संगठन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनेगी।

बार एसोसिएशन की इस नवीन वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप का तकनीकी विकास VSS Technosys Pvt. Ltd. द्वारा किया गया है। इस परियोजना के विकास में कंपनी की ओर से वैभव पानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नवीन वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से अधिवक्तागण ऑनलाइन सदस्यता शुल्क जमा कर सकेंगे, घोषणा पत्र (Declaration) ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे तथा अपनी सदस्यता संबंधी जानकारी एवं बार एसोसिएशन की सदस्य निर्देशिका प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त बार एसोसिएशन द्वारा जारी सूचनाएं, नोटिस, महत्वपूर्ण घोषणाएं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा का उपयोग मोबाइल फोन एवं कंप्यूटर दोनों के माध्यम से किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम धत्तरवाल, कोषाध्यक्ष सुधीर श्रीमाली सहित वरिष्ठ अधिवक्ता करण सिंह, सुरेंद्र पाल शर्मा, संजय गौतम, ओमप्रकाश हर्ष, विजयपाल शेखावत, मनोज भादानी, चतुर्भुज सारस्वत, सुखदेव व्यास सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे।