समाजसेवी हर्ष ने अजीत फाउंडेशन को वाटर कूलर व शिक्षण सामग्री भेंट

समाज

क्यूबेशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड का सामाजिक सरोकार, बच्चों को खेलकूद व स्किल डेवलपमेंट सामग्री भी दी

बीकानेर // सामाजिक उत्तरदायित्व को निभाना जीवन का एक अहम दायित्व है। इसी सोच के साथ क्यूबेशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड ने अपने सीएसआर फंड के तहत शुक्रवार को बीकानेर स्थित अजीत फाउंडेशन में विभिन्न उपयोगी सामग्री भेंट की। इस अवसर पर फाउंडेशन को एक वाटर कूलर, शिक्षण सामग्री, रचनात्मक गतिविधियों में काम आने वाली सामग्री के साथ-साथ शतरंज और अन्य खेलकूद के साधन प्रदान किए गए।

क्यूबेशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर प्रिंसिपल समाजसेवी चंद्रेश हर्ष ने वाटर कूलर का शुभारंभ करते हुए कहा कि समाज में जागरूकता और चेतना के विस्तार के साथ-साथ ऐसे कार्य भी होने चाहिए जिनका सीधा लाभ आमजन को मिले। उन्होंने बच्चों को शिक्षण सामग्री, खेलकूद के साधन और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी वस्तुएं भी भेंट कीं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बालिका शिक्षा और विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर अजीत फाउंडेशन के प्रबंधक संजय श्रीमाली ने फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए चंद्रेश हर्ष द्वारा दिए गए योगदान को समाज हित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोग से संस्थान की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी और इसके दूरगामी तथा सार्थक परिणाम सामने आएंगे।

कार्यक्रम में उदघोषक रविंद्र हर्ष ने क्यूबेशन कंसलटेंसी प्राइवेट लिमिटेड के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सपनों को हकीकत में बदलने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। अब आने वाले समय में बढ़ती गर्मी के दौरान यह वाटर कूलर बच्चों और संस्थान से जुड़े लोगों को राहत प्रदान करेगा। वहीं, बच्चों को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी सामग्री मिलने से वे अपने हुनर को और बेहतर तरीके से विकसित कर सकेंगे। अंत में प्रेरक हर्षवर्धन हर्ष ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।