





मुरलीधर व्यास कॉलोनी में अतिक्रमण की आशंका पर जेईएन ने किया मौका मुआयना, संबंधित पक्ष को दस्तावेज पेश करने के निर्देश
बीकानेर। मुरलीधर व्यास कॉलोनी में तीन भूखण्डों पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण की शिकायत के बाद बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) हरकत में आया। शुक्रवार सुबह बीडीए के जेईएन सरफराज खान मौके पर पहुंचे और भूखण्डों पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। साथ ही संबंधित पक्ष को भूखण्डों से जुड़े आवश्यक दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इस संबंध में पार्वती पत्नी सुभाषचन्द्र स्वामी एवं सरोज पत्नी किशन गोपाल व्यास ने बीडीए के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। ज्ञापन में बताया गया कि मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित भूखण्ड संख्या 5-F-32 और 5-F-34 उनके नाम पट्टाशुदा आवंटित हैं। इन दोनों भूखण्डों के बीच भूखण्ड संख्या 5-F-33 भी स्थित है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि तीनों भूखण्डों पर कुछ लोगों की ओर से निर्माण सामग्री डलवाकर अवैध कब्जे की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई थी कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर भूखण्डों पर कब्जा किया जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद शुक्रवार को जेईएन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया। अब संबंधित पक्ष की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



