





राजस्थान के स्टोन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल।
काहिरा (मिस्र) // मिस्र की राजधानी काहिरा में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित हो रही अंतरराष्ट्रीय स्टोन प्रदर्शनी स्टोन अफ्रीका 2026 में भारत के प्रमुख प्राकृतिक पत्थर उद्योग एवं राजस्थान की वैश्विक पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित इंडिया स्टोनमार्ट 2028 के विशेष प्रमोशनल बूथ (स्टॉल नं. 4F16) का भव्य उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न अफ्रीकी देशों के राजनयिकों, मंत्रियों, वाणिज्यिक एवं सांस्कृतिक अधिकारियों तथा अंतरराष्ट्रीय उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर नामीबिया के राजदूत महामहिम श्री Wietch H.C. Mupya, दक्षिण सूडान के महामहिम मंत्री श्री कांग, रवांडा दूतावास की वाणिज्यिक अटैची सुश्री ऐलिस, तंजानिया दूतावास की वाणिज्यिक अटैची महामहिम सुश्री नसरिया, जाम्बिया दूतावास के वाणिज्यिक अटैची श्री डेविन एवं सांस्कृतिक अटैची सुश्री एनी तथा केन्या दूतावास के काउंसलर श्री सैमुएल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त लाइबेरिया दूतावास के काउंसलर महामहिम श्री लस्साना ए. केइता, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अरब बिजनेसमेन एंड इन्वेस्टर्स अब्रॉड के कार्यकारी निदेशक डॉ. अला एल-एसावी, विकास एवं राजनयिक मामलों की निदेशक सुश्री हेबा एल गेंड़ी तथा विभागीय समन्वयक श्री मोहमद खलतेर ने भी इस आयोजन में सहभागिता की।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में लघु उद्योग भारती की ओर से राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री नरेश पारीक, उपाध्यक्ष एवं इंडिया स्टोनमार्ट 2028 के कन्वीनर नटवरलाल अजमेरा तथा लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रान्त के संयुक्त महामंत्री सुरेश विश्नोई प्रतिनिधिमंडल के रूप में सहभागिता कर रहे हैं।
इंडिया स्टोनमार्ट 2028 के इस विशेष प्रमोशनल बूथ के माध्यम से राजस्थान के मार्बल, ग्रेनाइट, सैंडस्टोन एवं अन्य प्राकृतिक पत्थरों की विविधता, गुणवत्ता, आधुनिक प्रसंस्करण तकनीक तथा भारत की स्टोन उद्योग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, आयातकों, आर्किटेक्ट्स, स्टोन प्रोसेसर्स, मशीनरी निर्माताओं एवं वैश्विक व्यापारिक संगठनों के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा विभिन्न देशों के राजनयिकों, व्यापारिक प्रतिनिधियों एवं उद्योग संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें 17 से 20 फरवरी 2028 तक जयपुर के JECC में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया स्टोनमार्ट 2028 में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, विदेशी प्रदर्शकों एवं विभिन्न देशों के कंट्री पवेलियन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्टोन अफ्रीका जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इंडिया स्टोनमार्ट 2028 का प्रचार भारत के प्राकृतिक पत्थर उद्योग के लिए नए व्यापारिक अवसर सृजित करने के साथ-साथ राजस्थान को वैश्विक प्राकृतिक पत्थर एवं स्टोन टेक्नोलॉजी के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह सहभागिता भारत और अफ्रीकी देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय निवेश एवं तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा राजस्थान के स्टोन उद्योग को नए वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



